मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा में घोड़े पर बैठकर वीडियो बनाते समय घोड़ा बिदकने से घोड़े ने पीछे आ रहे एक बाइक सवार को लात मार दी। इससे बाइक सवार घायल हो गया। इसी बात को लेकर वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष में जबरदस्त मारपीट हो गई। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है।
संभलहेड़ा निवासी सादिक व तारिक पुत्रगण याकूब कुरैशी शुक्रवार की सुबह अपने घोड़े पर चढ़कर अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर टिक टॉक पर वीडियो बना रहे थे। वीडियो बनाते समय युवकों की हरकत से उनका घोड़ा बिदक गया। इसी बीच सड़क पर पीछे की ओर से अपनी बाइक पर सवार होकर आ रहे बैंककर्मी बहसूमा निवासी मोनू पुत्र महेन्द्र को घोड़े ने लात मार दी। इससे मोनू दूर जाकर गिरा तथा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे वर्तमान प्रधान पति कादिर राव ने घायल मोनू को जानसठ सीएचसी भिजवाया तथा उक्त युवकों को धमका दिया। इसे लेकर पूर्व प्रधान और कादिर राव पक्ष के बीच मारपीट हो गई। आरोपितों ने कादिर पक्ष के शौकत के घर पर पथराव कर दिया, जिससे शौकत की पत्नी बुशरा घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जानसठ सीएचसी भिजवाया तथा मौके से दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ है। दो युवकों को हिरासत में लिया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।